Sat, May 10, 2025 | Updated 2:18AM IST

शॉपिंग के शौकीन लड़कियों के लिए जन्नत से कम नहीं ये जगह!

Times of Bennett | Updated: Mar 29, 2023 00:08
article image
लेखक-सौंदर्या विग

अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो सरोजिनी नगर का नाम तो आपने सुना ही होगा, खास कर की अगर आप एक लड़की हैं तो। सरोजिनी नगर दिल्ली का एक ऐसा बाज़ार है जहां हर तरीके के ट्रेंडी कपड़े मिल जाते हैं। पर सरोजिनी नगर सिर्फ इस बात के लिए इतना मशहूर नही है की वहां ट्रेंडी और फैशनेबल कपड़े मिलते हैं बल्कि वे इसलिए मशहूर है की ये कपड़े बहुत ही कम दाम में मिल जाते हैं। दाम इतने कम होते हैं की किसी ने सोचे भी नहीं होंगे। केवल 100 रुपए में टॉप और 300 रुपए में जींस मिलना सरोजिनी नगर में बहुत ही आम बात है। दिल्ली के इस शॉपिंग के ख़ज़ाने में हर चीज़ के दाम ऐसे ही चौंका देने वाले हैं। फैशन की शौकीन लड़कियों के लिए सरोजिनी नगर मार्केट एक वरदान से कम नहीं है। लेटेस्ट फैशन के इंडियन, वेस्टर्न और इंडो वेस्टर्न आउटफिट्स आपका दिल जीत लेने के लिए काफी हैं। स्टाइलिश कपड़ों से लेकर डिज़ाइनर बैग्स और फैशनेबल जूलरी तक, सब कुछ यहां की शान हैं। इस मार्केट में आपको ऑप्शन इतने ज्यादा मिल जाएंगे कि उनमें से कुछ को चुनना आपके लिए कठिन हो जाएगा और मन करेगा की पूरा बाज़ार ही खरीद कर घर ले आएं। सिर्फ कपड़े ही नहीं बल्कि फुटवियर की भी यहां पर काफी अच्छी वैरायटी है इसके साथ ही साथ लेडीज बैग्स और बाकी एक्सेसरीज बहुत अच्छे और सस्ते मिल जाते हैं। घर सजाने का सामान साथ कटलरी भी यहां मिल जाती है। कई लोग ये सोचते हैं की सरोजिनी नगर के सामान की क्वालिटी अच्छी नहीं होती पर में तो ये कहूंगी की अगर आप अच्छे से देख कर परख कर कोई चीज़ लेंगे तो कई चीज़ें काफी अच्छी क्वालिटी में आपको मिल जायेंगी।

सरोजिनी नगर बाज़ार में स्टेटमेंट कपड़ों के साथ साथ बेसिक कपड़ों की भी भरपूर वैरायटी है जो कोई भी अवसर के हिसाब से लुक क्रिएट करने के लिए आपके काम आ सकते हैं। टॉप्स के साथ साथ यहां लगभग हर तरह के बॉटमस भी उपलब्ध हैं साथ ही साथ आजकल काफी ट्रेंड में चल रही ऑक्सिडाइज्ड ज्वेलरी की भी वैरायटी है। यह मार्केट केवल आम जनता की ही नहीं बल्कि कई सेलिब्रिटीज और इनफ्लुएंसर्स की भी सबसे पसंदीदा खरीदारी की जगह है। कई इनफ्लुएंसर तो सरोजिनी नगर में कई तरीके की चैलेंज विडियोज भी बनाते हैं जिनमे वो एक बहुत ही कम बजट में एक लुक क्रिएट करने का चैलेंज लेते हैं और अपनी जनता को ये दिखाते हैं की किस तरह से वो सरोजिनी नगर से खरीदे कपड़ों को अलग अलग अवसरों के लिए स्टाइल कर सकते हैं। केवल कपड़ों की ही नहीं बल्कि बाकी एक्सेसरीज भी सरोजिनी नगर से ही खरीदी जाती हैं। इन ही इनफ्लुएंसर्स और सेलिब्रिटीज के कारण सरोजिनी नगर से खरीदारी करने वाले लोगों की संख्या दिन प्रति दिन बढ़ रही है।

यदि आप सरोजिनी नगर जा कर खरीदारी करने का सोच रहें हैं तो कुछ चीज़ें ध्यान में रखना बहुत जरूरी है। जैसे की-

• लेकर जाएं एक कपड़े का बैग -
सरोजिनी नगर में लगभग हर दुकान पर आपको सामान सफेद रंग की पतली सी पॉलीथिन में मिलेगा और कई दुकानों पर पॉलीथिन उपलब्ध ही न हो ये भी हो सकता है तो इतना सारा सामान साथ उठाना बहुत मुश्किल हो सकता है इसलिए आप जब भी सरोजिनी नगर जाएं तो अपने साथ एक कपड़े का थैला या बैग जरूर ले कर जाएं इससे सारा सामान उठाने में आसानी होगी।
• वीकेंड पर न जाएं-
अगर आप पूरे हफ्ते काफी व्यस्त रहते हैं और वीकेंड पर सरोजिनी नगर मार्केट जाने का प्लान बना रहे हैं तो आप बहुत बड़ी गलती करने वाले हैं। दरअसल, ज्यादातर लोग सैटरडे या संडे को ही शॉपिंग करने के लिए निकलते हैं, जिसकी वजह से हर मार्केट में भीड़भाड़ कुछ ज्यादा ही रहती है। अगर आपके पास कोई ऑप्शन नहीं है और आपको वीकेंड पर ही जाना पड़ेगा तो अपनी गाड़ी लेकर न जाएं। आम दिनों की अपेक्षा वीकेंड के मौके पर भीड़ ज्यादा होने की वजह से गाड़ी पार्क करना बहुत बड़ी मुसीबत बन जाता है। बेहतर रहेगा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट से ही शॉपिंग करने के लिए जाया जाए। हालाकि आपको मेट्रो स्टेशन पर भी बहुत भीड़ का सामना करना पड़ेगा पर गाड़ी से जाने पर इससे भी ज्यादा परेशानी होगी।

• मंगलवार है जाने के लिए उत्तम दिन-
यदि आप लेटेस्ट स्टॉक में से खरीदारी करना चाहते हैं तो मंगलवार सबसे श्रेष्ठ दिन है क्योंकि सरोजिनी नगर में हर सोमवार को नया स्टॉक आता है जो की मंगलवार तक दुकानों में सज जाता है और मंगलवार एक वीक डे है जिसके कारण मंगलवार को इतनी भीड़ भी नहीं होती है और आप बिल्कुल फ्रेश स्टॉक में से अपने पसंदीदा कपड़े तसल्ली से खरीद सकते हैं।

• जाने के लिए श्रेष्ठ समय-
आमतौर पर बाज़ार सुबह 10 बजे खुल जाता है मगर खरीदारी के लिए पूरी तरह से 11- 1 बजे तक ही सेट हो पाता है। अगर आप दुकानदारों की इमोशनल ब्लैकमेलिंग से बचना चाहते हैं तो दोपहर में 1 बजे के बाद ही जाएं क्योंकि अगर आप उससे पहले जाएंगे तो आपके लिए वहां मोल-भाव करना बहुत मुश्किल हो जाएगा। अक्सर लोगों का मानना होता है कि दिन की पहली कमाई अगर ढंग से ना हो तो सारा दिन प्रॉफिट कमाने में मुश्किल होती है। यह एक अंधविश्वास है मगर दुकानदारों के इस बहकावे से बचने के लिए बेहतर रहेगा कि आप उनके पहले ग्राहक न ही बनें।

• सोमवार को बंद रहता है बाज़ार-
सरोजिनी नगर बाज़ार की लगभग हर दुकान सोमवार को बंद रहती है बस कुछ ही दुकानें खुली होती हैं। हालाकि सोमवार को यहां भीड़ बहुत ही कम होती है और बहुत तसल्ली से खरीदारी की जा सकती है पर अगर ठीक से खरीदारी करनी है और इस जगह का पूरा अनुभव लेना है तो सोमवार को न जाना ही ठीक रहेगा।

यदि आप मेट्रो से जाने का सोच रहे हैं तो सरोजिनी नगर मेट्रो स्टेशन पर आप गुलाबी लाइन की मेट्रो लेकर पहुंच सकते हैं। इन सभी चीजों का आप अगर ध्यान रखेंगे और ठीक दिन और समय चुनेंगे तो सरोजिनी नगर सच में खरीददारी के शौकीन लोगों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है।